अमृतसर में अकाल तख्त ने पंजाब के AAP विधायक मनविंदर सिंह गियासपुरा को ‘तनखैया’ घोषित किया है. यह कार्रवाई उनके उस विवादित मामले में हुई, जिसमें उन्होंने अकाल तख्त सचिवालय में जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया था और सिख संस्थाओं तथा पदाधिकारियों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था.

अकाल तख्त की ओर से गियासपुरा के आरोपों को गलत बताते हुए उन्हें धार्मिक कदाचार का दोषी माना गया. इससे पहले श्री दरबार साहिब प्रबंधन ने अमृतसर पुलिस आयुक्त के समक्ष शिकायत देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की थी. शिकायत में कहा गया था कि विधायक को प्रवेश जाति के कारण नहीं, बल्कि उनके कथित पुराने आपत्तिजनक बयानों के चलते रोका गया था.

विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के कई विधायक शुक्रवार को अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे और गियासपुरा की टिप्पणियों को लेकर माफी मांगी. घटनाक्रम से पंजाब की AAP सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर धार्मिक तथा राजनीतिक दबाव बढ़ने के संकेत मिले हैं.