श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति ने पंजाब सरकार से एंटी-सैक्रिलेज कानून को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है. समिति ने 18 नवंबर को प्रस्तावित बैठक से पहले 14 नवंबर को उठाए गए दो सवालों के स्पष्ट जवाब मांगे हैं.

पहला सवाल यह है कि क्या सरकार ने 29 जून को जारी अकाल तख्त के निर्देशों का पालन करने के लिए कोई कदम उठाया है. दूसरा सवाल यह है कि क्या ‘जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026’ के संचालन को स्थगित रखने के लिए कोई आदेश या अधिसूचना जारी की गई है.

समिति ने दोनों बिंदुओं पर साफ तौर पर ‘हां’ या ‘नहीं’ में जवाब मांगा है. यदि सरकार ने कोई कार्रवाई की है तो उससे उसका विवरण देने को कहा गया है; कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में कारण बताने की मांग की गई है.

समिति कानून पर आम सहमति बनने तक इसके अमल पर पूर्ण रोक की मांग कर चुकी है. पंजाब सरकार की समन्वय समिति और अकाल तख्त की विशेषज्ञ समिति के बीच 18 नवंबर को बातचीत प्रस्तावित है.