रायपुर के पास ग्राम अमलेश्वरडीह में गौरा-गौरी उत्सव के तहत तड़के करीब 3 बजे शिव-पार्वती की झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई. यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर लोग नाचते-गाते हुए आगे बढ़े.
यात्रा में भगवान शिव के गणों और पौराणिक कथाओं पर आधारित झांकियां प्रदर्शित की गईं. उरला से आए कलाकारों ने भी झांकियों और नृत्य की प्रस्तुति दी. आयोजन के दौरान पारंपरिक गीत-संगीत और वाद्य यंत्रों का माहौल बना रहा.
सोंटे की रस्म और सुआ नृत्य
उत्सव में युवाओं ने सोंटे मारने की पारंपरिक रस्म निभाई और गौरा जी का आशीर्वाद लिया. कार्यक्रम में युवतियों ने सुआ नृत्य भी प्रस्तुत किया. इस नृत्य में महिलाएं समूह बनाकर गीत गाते हुए गोल घेरे में नृत्य करती हैं.
गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की पुरानी लोकपरंपराओं में शामिल है. इसमें गौरा को भगवान शिव और गौरी को माता पार्वती का रूप माना जाता है. गांवों में मिट्टी से दोनों की प्रतिमाएं बनाकर पूजा-अर्चना की जाती है और विवाह की रस्में निभाई जाती हैं. ग्रामीण इस पर्व को सुख-समृद्धि और अच्छी फसल की कामना से भी जोड़ते हैं.
