जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के 35 किलोमीटर लंबे बालटाल-अमरनाथ-पंजतरनी-पोथपत्री मार्ग पर भूस्खलन का जोखिम सामने आया है. जम्मू स्थित नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हाइड्रोलॉजी के अध्ययन के अनुसार, मार्ग के करीब 85% हिस्से को भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील माना गया है.

अध्ययन में 16.2% क्षेत्र को बेहद संवेदनशील और 68.1% क्षेत्र को मध्यम संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है. शोधकर्ताओं के अनुसार तेज बारिश, बादल फटने, कमजोर चट्टानों और सड़क निर्माण के कारण ढलानों की स्थिरता प्रभावित हो रही है.

शोधकर्ताओं ने 1994 से 2024 के बीच बालटाल घाटी में 45 मिलीमीटर से अधिक बारिश वाली 54 घटनाएं दर्ज कीं. इनमें 15 घटनाएं मानसून के दौरान हुईं. अध्ययन के आधार पर यात्रा मार्ग के आसपास सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई गई है.

संकरे रास्तों से बढ़ती है चुनौती

पहलगाम मार्ग पर चंदनवाड़ी से शेषनाग और पंचतरणी तक कई हिस्से खड़ी ढलानों और संकरी पहाड़ियों के बीच से गुजरते हैं. कुछ स्थानों पर दो लोगों का एक साथ निकलना भी मुश्किल बताया गया है. ऐसे में मलबा गिरने या रास्ता कटने पर यात्री दोनों दिशाओं में फंस सकते हैं. दुर्गम इलाके में राहत दलों के लिए मौके तक पहुंचना और घायलों को निकालना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है. घोड़ों और पालकियों की आवाजाही से रास्ता खाली कराना और कठिन हो सकता है.

अमरनाथ गुफा समुद्र तल से करीब 3,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. 2022 से 2026 के बीच 22.17 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा किया गया है. 2022 में गुफा के पास बादल फटने से 16 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2025 में भूस्खलन के कारण करीब 500 श्रद्धालुओं के फंसने की जानकारी दी गई है.

लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते 2026 में यात्रा 9 अगस्त को रोक दी गई थी, जबकि निर्धारित समापन 28 अगस्त था. इसका औपचारिक धार्मिक समापन पारंपरिक छड़ी मुबारक कार्यक्रम के साथ 28 अगस्त को हुआ.