जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के प्रमुख मार्ग पर भूस्खलन का जोखिम व्यापक स्तर पर सामने आया है. जम्मू स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोलॉजी के एक अध्ययन के अनुसार, करीब 35 किलोमीटर लंबे बालटाल-अमरनाथ-पंचतरिणी-पोथपत्री मार्ग का लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील है. अध्ययन में यात्रा मार्ग के आसपास सुरक्षा उपाय बढ़ाने की जरूरत बताई गई है.

अध्ययन के मुताबिक, 16.2 प्रतिशत क्षेत्र को अत्यधिक संवेदनशील और 68.1 प्रतिशत क्षेत्र को मध्यम संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है. भारी बारिश, बादल फटने की घटनाएं, कमजोर चट्टानें और सड़क निर्माण को ढलानों की अस्थिरता से जुड़े प्रमुख कारणों के रूप में चिन्हित किया गया है. शोधकर्ताओं ने 1994 से 2024 के बीच बालटाल घाटी में 45 मिलीमीटर से अधिक बारिश वाली 54 घटनाएं दर्ज कीं. इनमें 15 घटनाएं मानसून के दौरान हुईं.

संकरे रास्तों पर राहत कार्य चुनौतीपूर्ण

पहलगाम मार्ग पर चंदनवाड़ी, शेषनाग और पंचतरिणी के बीच कई हिस्से खड़े ढलानों और संकरे पहाड़ी रास्तों से होकर गुजरते हैं. कुछ स्थानों पर दो लोगों का साथ चलना भी मुश्किल बताया गया है. भूस्खलन से रास्ता बंद होने पर यात्री दोनों दिशाओं में फंस सकते हैं. दुर्गम भूभाग के कारण राहत दलों के लिए घटनास्थल तक पहुंचना और घायलों को निकालना भी कठिन हो सकता है. घोड़े और पालकी की आवाजाही से रास्ता खाली कराने की चुनौती बढ़ जाती है.

अध्ययन में 2022 में गुफा के पास बादल फटने से 16 लोगों की मौत और 2025 में भूस्खलन के कारण करीब 500 श्रद्धालुओं के फंसने का उल्लेख किया गया है. अमरनाथ गुफा समुद्र तल से लगभग 3,800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है.

2022 से 2026 के बीच पांच वर्षों में 22.17 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का आंकड़ा दिया गया है. लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते 2026 की यात्रा 9 अगस्त को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दी गई, जो निर्धारित 28 अगस्त की समाप्ति तिथि से 20 दिन पहले था. हालांकि, छड़ी मुबारक कार्यक्रम के साथ इसका औपचारिक धार्मिक समापन 28 अगस्त को हुआ.