गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित अंबाजी मंदिर की सबसे विशिष्ट परंपरा यह है कि गर्भगृह में देवी की पारंपरिक प्रतिमा नहीं है. मंदिर की दीवार में बने एक गोक्ह में श्री वीसा यंत्र स्थापित है. इसी पवित्र रेखाचित्र की पूजा की जाती है. यंत्र के सीधे दर्शन और उसकी तस्वीर लेने की अनुमति नहीं है. पूजा के दौरान आंखों पर पट्टी बांधने की परंपरा भी बताई जाती है.
यंत्र के ऊपर के हिस्से को वस्त्र, मुकुट और आभूषणों से सजाया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को देवी के साकार रूप के दर्शन होते हैं. दिन के अलग-अलग समय पर यह श्रृंगार भी बदलता है. सुबह देवी को बालिका, दोपहर में युवती और शाम को वृद्ध महिला के रूप में सजाने की परंपरा है. सप्ताह के दिनों के अनुसार देवी के वाहन का श्रृंगार भी अलग होता है. रविवार को बाघ, सोमवार को नंदी, मंगलवार को सिंह, बुधवार को ऊंची सूंड वाले ऐरावत हाथी, गुरुवार को गरुड़, शुक्रवार को हंस और शनिवार को नीचे की ओर सूंड वाले ऐरावत का रूप सजाया जाता है.
मंदिर अरासुर पहाड़ियों पर बना है, इसलिए देवी को आरासुरी अंबा भी कहा जाता है. मंदिर के पास मानसरोवर कुंड है. करीब 3-4 किलोमीटर दूर गब्बर पहाड़ी को देवी का मूल स्थान माना जाता है. यहां 51 शक्तिपीठों की प्रतिकृतियां 20 समूहों में बनाई गई हैं. परिक्रमा मार्ग लगभग 2.85 किलोमीटर लंबा है और इसे पूरा करने में करीब तीन घंटे लगते हैं. परिसर में 47 मंदिर, तीन गुफाएं और एक अखंड ज्योति भी बताई गई है.
शारदीय नवरात्रि और विशेष पूजन
इस वर्ष 11 अक्टूबर को सुबह 9 से 10:30 बजे के बीच घट स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि की विशेष पूजा शुरू हुई. कलश के साथ जौ बोए जाते हैं, जिनसे निकलने वाले अंकुरों को जवारा कहा जाता है. 19 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी पर सुबह 6 बजे विशेष आरती और 10 बजे जवारा उत्थापन रखा गया. 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर शाम 4 बजे खीजड़ा वृक्ष का पूजन और 25 अक्टूबर की मध्यरात्रि में दूध-पौआ का भोग व कपूर आरती का कार्यक्रम है. 26 अक्टूबर को सुबह 6 बजे पूर्णिमा की विशेष आरती होगी.
अंबाजी मंदिर का मुख्य स्वर्ण शिखर 61 फुट ऊंचा है. तांबे की चादरों पर नक्काशी उभारकर उन पर सोने का लेप चढ़ाया गया था. यह काम सितंबर 2018 में पूरा हुआ. ट्रस्ट की वेबसाइट पर शिखर के लिए 140 किलोग्राम सोना दान में मिलने का आंकड़ा दर्ज है. मंदिर का पारंपरिक राजभोग मोहनथाल है, जो बेसन, गाय के घी, दूध, चीनी और इलायची से बनता है. राजभोग के बाद इसे पैक कर प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को दिया जाता है.
