सरगुजा जिले में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. अंबिकापुर के शंकरघाट, घुनघुट्टा नदी के खर्रा घाट, पैलेस घाट समेत शहर के अन्य प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सूर्योपासना के लिए पहुंचने की संभावना है.

बुधवार को कलेक्टर अजीत वसंत और एसपी राजेश अग्रवाल ने शंकरघाट और घुनघुट्टा नदी घाट का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने छठ पूजा समितियों से तैयारियों की जानकारी ली और संबंधित विभागों को सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन से जुड़े निर्देश दिए.

शंकरघाट पर 40 हजार श्रद्धालुओं की क्षमता

महामाया छठ पूजन समिति के संयोजक विजय सोनी के अनुसार, समिति इस वर्ष 28वें साल आयोजन कर रही है. शंकरघाट पर एक साथ करीब 40 हजार श्रद्धालुओं के सूर्योपासना करने की व्यवस्था की जा रही है. समिति के मुताबिक घाट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. नगर निगम की ओर से यहां लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी.

घुनघुट्टा नदी के खर्रा घाट पर भी समिति ने एक साथ 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई है. इसके अलावा शहर के करीब दर्जनभर बड़े घाटों पर भी तैयारियां की जा रही हैं. रानी सती तालाब स्थित पैलेस छठ घाट पर भी सामूहिक सूर्योपासना होगी.

प्रशासन ने घाटों पर पुलिस बल और नगर सैनिकों की तैनाती, मुख्य मार्गों पर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल तय करने और आवागमन के लिए रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं. यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ स्वास्थ्य टीमों की तैनाती पर भी जोर दिया गया है.

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी. 14 नवंबर को घाट बंधान और खीर भोज होगा, जबकि 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. कलेक्टर के अनुसार, छठ पूजन का आयोजन 15 और 16 नवंबर को होगा.