आंवला नवमी हिंदू धर्म की प्रमुख धार्मिक तिथियों में मानी जाती है. इसे अक्षय नवमी और कूष्मांड नवमी के नाम से भी जाना जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और आंवले के वृक्ष की पूजा की जाती है. पूजा-पाठ, मंत्र जाप और दान-पुण्य को भी इस दिन विशेष फलदायी माना गया है.
आंवला नवमी की पूजा के साथ व्रत कथा पढ़ने या सुनने की परंपरा है. मान्यता है कि कथा के बिना पूजा अधूरी मानी जाती है. इस अवसर से जुड़ी दो प्रमुख पौराणिक कथाएं बताई जाती हैं.
पहली कथा: माता लक्ष्मी ने की आंवले के वृक्ष की पूजा
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार माता लक्ष्मी धरती पर आईं. उनके मन में भगवान विष्णु और भगवान शिव की एक साथ पूजा करने का विचार आया. उन्हें ध्यान आया कि तुलसी भगवान विष्णु को प्रिय है और बेलपत्र भगवान शिव को, जबकि इन दोनों के गुण आंवले के वृक्ष में भी माने जाते हैं.
इसके बाद माता लक्ष्मी ने आंवले के पेड़ की पूजा की. उनकी आराधना से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु और भगवान शिव उनके सामने प्रकट हुए. माता लक्ष्मी ने आंवले के पेड़ के नीचे भोजन बनाकर दोनों देवताओं को भोग लगाया और फिर प्रसाद ग्रहण किया. मान्यता है कि यह घटना कार्तिक शुक्ल नवमी को हुई थी. तभी से आंवले के वृक्ष की पूजा की परंपरा शुरू हुई.
दूसरी कथा: सेठ और उसके बेटों की कहानी
दूसरी कथा एक सेठ से जुड़ी है, जो हर साल आंवले के पेड़ के नीचे ब्राह्मणों को भोजन कराता और दान देता था. उसके बेटे इस परंपरा का विरोध करते थे. विवाद बढ़ने पर सेठ दूसरे गांव चला गया और वहां दुकान खोलकर बाहर आंवले का पेड़ लगाया.
नए गांव में भी उसने पूजा, भोजन और दान की परंपरा जारी रखी. समय के साथ उसका कारोबार बढ़ने लगा, जबकि बेटों का कारोबार कमजोर पड़ गया. उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने पिता से क्षमा मांगी. सेठ की सलाह पर उन्होंने भी आंवले के पेड़ की पूजा और दान-पुण्य शुरू किया. कथा के अनुसार, इसके बाद उनके जीवन में फिर खुशहाली लौट आई.
