अरुणाचल प्रदेश में 13 साल बाद गौतम बुद्ध के पवित्र अवशेषों का सार्वजनिक प्रदर्शन शुरू हुआ है. मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को तवांग स्थित ऐतिहासिक तवांग मठ में इस आयोजन का उद्घाटन किया. इससे राज्य के श्रद्धालुओं को अवशेषों के दर्शन और प्रार्थना का अवसर मिल रहा है.

आयोजन के तहत अवशेषों को राज्य के तीन जिलों में ले जाया जाएगा. तवांग में प्रदर्शन 7 नवंबर तक रहेगा. इसके बाद 8 से 14 नवंबर तक पश्चिम कामेंग और 14 से 21 नवंबर तक नामसाई में श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे.

उद्घाटन समारोह में पेमा खांडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सहयोग का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की करुणा, शांति और सह-अस्तित्व की शिक्षाएं मौजूदा वैश्विक संघर्षों और अनिश्चितता के दौर में विशेष महत्व रखती हैं.

समारोह में अरुणाचल बौद्ध महासंघ के गठन की भी घोषणा की गई. यह संगठन राज्य की महायान और थेरवाद परंपराओं को साझा मंच पर लाने का प्रयास करेगा. नामसाई के बौद्ध विहार के मुख्य भिक्षु आद्घम्मा को इसका पहला अध्यक्ष और कर्मिक एवं आध्यात्मिक मामलों के विभाग के निदेशक थुप्तेन काल्डेन को महासचिव बनाया गया है.