पश्चिम बंगाल के आसनसोल के हीरापुर इलाके में स्थित धेनुआ गांव की दुर्गा पूजा अपनी अनोखी परंपरा के लिए जानी जाती है. दामोदर नदी के किनारे कालीकृष्ण आश्रम में महालया के दिन ही आगमनी दुर्गा पूजा के दौरान सप्तमी, अष्टमी और नवमी के अनुष्ठान पूरे किए जाते हैं. इसी दिन देवी प्रतिमा का विसर्जन भी होता है.
स्थानीय मान्यता के अनुसार, यह परंपरा संत तेजानंद ब्रह्मचारी से जुड़ी है. बताया जाता है कि दामोदर नदी के किनारे आश्रम की स्थापना वर्ष 1937 में हुई थी. वर्ष 1979 से यहां विशेष आगमनी दुर्गा पूजा की परंपरा को व्यापक रूप से आगे बढ़ाया गया.
प्रतिमा में जया-विजया का स्वरूप
इस पूजा की एक प्रमुख विशेषता देवी दुर्गा की प्रतिमा है. सामान्य तौर पर दुर्गा प्रतिमा के साथ गणेश, कार्तिक, लक्ष्मी और सरस्वती के स्वरूप दिखाई देते हैं, लेकिन धेनुआ की प्रतिमा में ये स्वरूप नहीं होते. यहां मां दुर्गा के साथ उनकी दो सखियों जया और विजया तथा सिंह का स्वरूप बनाया जाता है.
स्थानीय पौराणिक मान्यता के मुताबिक, जब मृत्युलोक में बीमारी और असुरों का आतंक बढ़ा था, तब मां दुर्गा स्वर्ग से धरती पर आई थीं. उनकी रक्षा के लिए जया और विजया भी उनके साथ आईं. इसी मान्यता के आधार पर यहां जया-विजया की पूजा की जाती है.
पूजा से जुड़े लोगों के अनुसार, श्रद्धालु पूरे साल इस आयोजन का इंतजार करते हैं. महालया के दिन आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों के अलावा दुर्गापुर, पश्चिम और पूर्व बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया तथा झारखंड से भी लोग यहां पहुंचते हैं. पुराने शिव मंदिर के पास दामोदर नदी किनारे होने वाला यह आयोजन स्थानीय आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है.
