अयोध्या में दीपोत्सव-2026 के दसवें संस्करण की तैयारियां तेज हैं. राम की पैड़ी पर 30 लाख और पूरे अयोध्या जनपद में करीब 50 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है. कार्यक्रम के दौरान 2,100 स्वदेशी ड्रोन का शो भी प्रस्तावित है, जो आसमान में विभिन्न आकृतियां बनाएगा.

आयोजन की सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है. सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी 20 अपर पुलिस अधीक्षकों, 45 क्षेत्राधिकारियों और करीब 6,000 पुलिसकर्मियों को दी गई है. प्रशासन का लक्ष्य आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है.

ATS, RAF और आपदा राहत टीमें तैनात

सुरक्षा व्यवस्था में PAC की नौ कंपनियां और RAF की तीन कंपनियां शामिल रहेंगी. उत्तर प्रदेश ATS की दो कमांडो टीमें भी तैनात रहेंगी. किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमें भी ड्यूटी पर रहेंगी.

सरयू नदी के आसपास निगरानी के लिए तटबंधों पर PAC की फ्लड कंपनी लगाई गई है. इस तरह आयोजन स्थल के साथ नदी क्षेत्र में भी सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं.

35 हजार युवा स्वयंसेवक होंगे शामिल

दीपोत्सव को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए करीब 35 हजार युवा स्वयंसेवक रामनगरी को दीपों से सजाने में जुटे हैं. जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के मुताबिक, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों और मंदिरों को भी आयोजन से जोड़ा गया है. प्रमुख चौराहों पर उद्यमियों और व्यापारियों ने भी जिम्मेदारी संभाली है.

लाखों दीयों की मांग से अयोध्या और आसपास के जिलों के कुम्हार परिवारों को काम मिला है. स्थानीय दुकानदारों, होटल संचालकों और परिवहन कारोबारियों को भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है.