अयोध्या में शनिवार को 10वां दीपोत्सव मनाया जाएगा. राम की पैड़ी के 56 घाटों को सजाया गया है. आयोजन के दौरान यहां 30 लाख दीप जलाए जाने की तैयारी है. सरयू महाआरती में 2,147 अर्चक एक साथ शामिल होंगे. प्रशासन को दीपोत्सव देखने के लिए देशभर से करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की संभावना है.

दोपहर में रामकथा पार्क में उपराष्ट्रपति डॉ. सी.पी. राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम का राज्याभिषेक करेंगे. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी. अंतरराष्ट्रीय रामलीला दलों के साथ भारतीय दल भी रामायण प्रसंगों का मंचन करेंगे.

मुख्य कार्यक्रम में प्रवेश के लिए करीब 6,000 श्रद्धालुओं को पास जारी किए गए हैं. मुख्य आयोजन के बाद श्रद्धालु राम की पैड़ी पहुंचकर दीपोत्सव देख सकेंगे. श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को भी रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है.

ड्रोन शो, लेजर मैपिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम

राम की पैड़ी पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो के जरिए रामायण के प्रसंग दिखाए जाएंगे. 2,100 ड्रोन से भी रामायण की घटनाओं पर आधारित प्रस्तुति प्रस्तावित है. नया घाट पर म्यूजिकल आतिशबाजी होगी. देश और प्रदेश के करीब 2,000 कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे. पुष्पक विमान, राम दरबार और 15 फुट ऊंचा रामरथ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे. रामरथ पर भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप प्रदर्शित किए जाएंगे.

श्रद्धालुओं के लिए यातायात व्यवस्था

दीपोत्सव के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह प्रतिबंध 6 नवंबर की रात 12 बजे से 8 नवंबर तक लागू रहेगा. धर्म पथ पर आयोजन के दिन वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. बाईपास और हनुमान गुफा के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां से श्रद्धालुओं को पैदल आगे जाना होगा.

राम पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ मंदिर क्षेत्र तक पहुंचने के प्रमुख मार्ग हैं. राम पथ सहादतगंज से लता मंगेशकर चौक तक करीब 13 किलोमीटर लंबा है. जन्मभूमि पथ बिरला धर्मशाला से राम जन्मभूमि परिसर तक करीब 800 मीटर का मार्ग है. श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग और प्रशासन के ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करने को कहा गया है.

ट्रेन और विमान से पहुंचने वालों के लिए सलाह

अयोध्या धाम जंक्शन और अयोध्या कैंट दोनों रेलवे स्टेशनों से मंदिर क्षेत्र के लिए स्थानीय वाहन मिल सकते हैं, लेकिन भीड़ के कारण इंतजार करना पड़ सकता है. बस से आने वाले यात्रियों को टिकट बुक करते समय उतरने का स्थान पहले से जांचने की सलाह दी गई है.

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से राम जन्मभूमि परिसर की दूरी करीब 10 किलोमीटर बताई गई है. दीपोत्सव के दौरान प्रतिबंधों के कारण टैक्सी और ई-रिक्शा तय सीमा तक ही जा सकते हैं. मंदिर में प्रवेश और दर्शन की व्यवस्था सामान्य दिनों से अलग हो सकती है, इसलिए श्रद्धालुओं को प्रशासन की ताजा गाइडलाइन देखकर यात्रा करने की सलाह दी गई है.