उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर बंद किए जाएंगे. कपाट बंद करने की प्रक्रिया कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ पूरी होगी. इसके साथ ही 2026 की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा.
इस साल बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अब तक 23 लाख 39 हजार 772 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं. यात्रा अवधि में 88 लोगों की मौत हुई. इनमें 87 मौतें तबीयत खराब होने के कारण और एक मौत प्राकृतिक आपदा में होने की जानकारी दी गई है.
पांच दिन पहले शुरू हुई पंचपूजा
कपाट बंद करने की प्रक्रिया 12 नवंबर से पंचपूजा के साथ शुरू हुई थी. पहले दिन गणेश मंदिर के कपाट बंद किए गए. 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद हुए. 14 नवंबर को खड़ग-पुस्तक पूजा और वेद ऋचाओं का पाठ हुआ. 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित कर भगवान बद्रीविशाल के गर्भगृह में आने का निमंत्रण दिया गया.
अंतिम दिन सुबह भगवान बद्रीविशाल का अभिषेक और पुष्प शृंगार होगा. शाम 6 बजे से पूजा शुरू होगी. रात करीब 7:30 बजे मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी माता लक्ष्मी मंदिर में कढ़ाई भोग पूजा करेंगे. इसके बाद करीब 8 बजे वे सखी का रूप धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बद्रीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराएंगे. इस परंपरा को भगवान और माता लक्ष्मी के शीतकालीन मिलन का प्रतीक माना जाता है.
घृत कंबल और शीतकालीन पूजा
कपाट बंद होने से पहले भगवान बद्रीविशाल को घृत कंबल ओढ़ाया जाएगा. चमोली के सीमावर्ती माणा गांव की महिलाएं और पांच कुंवारी कन्याएं भेड़ के ऊन से यह कंबल तैयार करती हैं. इसे बनाते समय उपवास रखने की परंपरा है. मुख्य पुजारी इस पर पहाड़ी गाय के दूध से बने घी और केसर का लेप लगाते हैं. मान्यता के अनुसार, भगवान अगले छह महीने तक इसी कंबल में विराजमान रहते हैं. कपाट खुलने के दिन इसे महाप्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में बांटा जाता है.
कपाट बंद होने के बाद भगवान उद्धव, कुबेर और गरुड़ की उत्सव पालकियां तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गादी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी. 17 नवंबर को उद्धव और कुबेर की डोलियां पांडुकेश्वर के योगध्यान बदरी मंदिर पहुंचेंगी, जबकि गरुड़ की पालकी ज्योतिर्मठ के नृसिंह मंदिर जाएगी. शंकराचार्य की गादी 17 नवंबर को योगध्यान बदरी में रात्रि विश्राम के बाद 18 नवंबर को नृसिंह मंदिर पहुंचेगी. सर्दियों में बद्रीनाथ की पूजा-अर्चना इन्हीं निर्धारित स्थलों पर होगी.
