बरेली के रामगंगा नदी किनारे स्थित चौबारी घाट पर शुक्रवार को पारंपरिक चौबारी कार्तिक मेले का हवन-पूजन के साथ शुभारंभ हुआ. बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पूजन के बाद मेले का उद्घाटन किया.
मेला 20 से 28 नवंबर तक चलेगा. आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा झूले, चकरी, मीना बाजार और विभिन्न दुकानों की व्यवस्था की गई है. मेले में कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मेले में पुलिस बल, वॉच टावर, खोया-पाया केंद्र और सीसीटीवी व वायरलेस सुविधा से युक्त अस्थायी थाना बनाया गया है. नदी क्षेत्र में गोताखोरों की तैनाती भी की गई है.
प्रशासन के अनुसार, 22 से 25 नवंबर की रात तक भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा. देवचरा, चौपुला और बुखारा मोड़ से चौबारी मेले की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.
