छत्तीसगढ़ के बस्तर में करीब सात सदियों पुरानी परंपरा के तहत 75 दिवसीय बस्तर दशहरा महापर्व की शुरुआत हो गई. महापर्व का पहला प्रमुख विधान काछन गादी की रस्म के साथ संपन्न हुआ. इसके बाद गोलबाजार में मिरगान समुदाय की इष्ट देवी मां रैला देवी की पूजा-अर्चना की गई.

काछन गादी अनुष्ठान में पनका समाज की नाबालिग कुंवारी कन्या पीहू ने मां काछनदेवी का स्वरूप धारण किया. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस रस्म के दौरान देवी का बालिका में वास माना जाता है. अनुष्ठान के तहत उन्हें बेल के नुकीले कांटों से तैयार झूले पर लिटाया गया.

रस्म के बाद बस्तर राजपरिवार और श्रद्धालुओं ने देवी का आशीर्वाद लिया. बस्तर राजपरिवार के सदस्य और माटी पुजारी कमलचंद भंजदेव ने मां काछनदेवी के समक्ष पूजा की. बताया गया कि देवी से महापर्व के आगामी कार्यक्रमों को निर्बाध और सकुशल संपन्न कराने की अनुमति मांगी गई.

इसके बाद कमलचंद भंजदेव ने गोलबाजार पहुंचकर मां रैला देवी की विधिवत पूजा-अर्चना की. दोनों प्रमुख रस्मों के पूरा होने के बाद काछन गुड़ी और गोलबाजार क्षेत्र पारंपरिक वाद्ययंत्र मोहरी बाजा की ध्वनि से गूंज उठा.

आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, बस्तर अंचल के श्रद्धालुओं और देश-विदेश से पहुंचे पर्यटकों की मौजूदगी रही. कार्यक्रम में सांसद और बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, समिति के उपाध्यक्ष बलराम मांझी, महापौर संजय पाण्डे, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा समेत कई लोग शामिल हुए.

बस्तर दशहरा मां दंतेश्वरी को समर्पित महापर्व है. आयोजनों में क्षेत्र की आदिवासी सांस्कृतिक परंपराओं और विभिन्न समुदायों की सामूहिक भागीदारी दिखाई देती है. काछन गादी के बाद अब महापर्व के अन्य पारंपरिक अनुष्ठान आगे होंगे.