बस्तर दशहरे की प्रमुख रस्म मावली परघाव मंगलवार देर शाम जगदलपुर में पूरी हुई. इस दौरान मां दंतेश्वरी के छत्र और मां मावली की डोली का बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया.
माता के स्वागत के लिए सड़कों पर फूलों की चादर बिछाई गई. श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूल बरसाए और आतिशबाजी की. डोली और छत्र के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. कई लोग घरों की छतों से भी इस रस्म को देखते रहे. दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर और एसपी भी माता की डोली और छत्र के साथ जगदलपुर पहुंचे.
कांटाबंद पहनकर निभाई परंपरा
कमलचंद्र भंजदेव ने फूलों से बना पारंपरिक ताज कांटाबंद पहनकर माता की आराधना की. उन्होंने बताया कि बस्तर के राजा मावली परघाव के दौरान कांटाबंद पहनकर माता का स्वागत करते थे. इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने मां दंतेश्वरी के छत्र और मां मावली की डोली को प्रणाम किया. इसके बाद डोली को कंधे पर उठाकर राजमहल लाया गया.
भंजदेव के अनुसार, मां दंतेश्वरी और मां मावली बस्तर राजपरिवार की कुलदेवी हैं. दशहरे में शामिल होने के बाद माता की विदाई तक दोनों राजमहल परिसर में विराजमान रहेंगी. कांटाबंद में इस्तेमाल होने वाला फूल बस्तर के जंगलों में मिलता है.
ओडिशा और डेनमार्क से पहुंचे दर्शक
मावली परघाव देखने के लिए बस्तर के अलावा ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सहित अन्य राज्यों से लोग पहुंचे. ओडिशा से आए कुछ भक्तों ने पहली बार माता के दर्शन करने की बात कही. डेनमार्क से आए पर्यटकों के एक समूह ने भी आयोजन देखा. उन्होंने बस्तर की परंपराओं को अलग और अनूठा बताया.
परंपरा के अनुसार, राजपरिवार ने शारदीय नवरात्र की पंचमी पर दंतेवाड़ा जाकर मां दंतेश्वरी को मंगल पत्र देकर दशहरे में शामिल होने का निमंत्रण दिया था. अष्टमी की देर रात माता की डोली और छत्र जगदलपुर के लिए रवाना हुए थे.
इससे पहले सिरहासार भवन में जोगी उठाई की रस्म पूरी हुई. इसमें जोगी नौ दिन तक उपवास रखकर कुंड में बैठते हैं. आगे आठ चक्कों वाले विजय रथ की परिक्रमा और इसके बाद भीतर रैनी की रस्म होनी है. भीतर रैनी में ग्रामीण प्रतीकात्मक रूप से विजय रथ को चुराते हैं.
