बिलासपुर जिले के बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की सात दिवसीय ध्वजा यात्रा सप्तमी के अवसर पर रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में ध्वजा चढ़ाने के साथ पूरी हुई. करीब 171 किलोमीटर लंबी यह यात्रा बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से जुड़े गांवों से होकर गुजरी. यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने जयकारों, ढोल-मांदर और छत्तीसगढ़ी लोक परंपराओं के साथ स्वागत किया.

यात्रा के अंतिम दिन रानीगांव से रवाना होकर दल मदनपुर होते हुए सिद्धि विनायक मंदिर पहुंचा. यहां ढोल-ताशों के साथ शिव तांडव और राधा-कृष्ण की झांकियां प्रस्तुत की गईं. सिद्धि विनायक मंदिर के पास नगर पंचायत अध्यक्ष लव कुश कश्यप और भाजपा मंडल अध्यक्ष बबलू कश्यप ने विधायक का स्वागत किया. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विधायक भावना बोहरा भी यात्रा में शामिल हुए.

सात दिनों में गांवों से होकर गुजरी यात्रा

यात्रा की शुरुआत श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर से हुई थी. पहले चरण में नवागांव, खैरखुंडी, सरवन देवरी, लखराम, गड़वत, बाम्हू और टेकर सहित कई गांवों से यात्रा गुजरी. इसके बाद गिधौरी, नेवसा, जाली, बेलतरा, सलका, धौरामुड़ा, बिटकुली, करमा, बसहा, गोपालपुर, पांडेयपुर और भिल्मी होते हुए यात्रा भादी पहुंची. आगे खैरा (ड), डंगनिया, सेलर, मोहरा, उरतुम, परसाही, डबरीपारा और उरैहापारा समेत अन्य गांव शामिल रहे.

खपराखोल में धुरी समाज के सामुदायिक भवन के लिए विधायक निधि से स्वीकृत 20 लाख रुपये के कार्य का भूमिपूजन हुआ. गतौरी में जेसीबी से फूल बरसाकर स्वागत किया गया, जबकि रमतला में युवाओं ने विधायक को लड्डुओं से तौलकर अभिनंदन किया. भदोरियाखार में गुरु घासीदास के जैतखाम पर श्वेत ध्वजा चढ़ाई गई.

छठे दिन लखनपुर में विधायक निधि से 10 लाख रुपये की लागत से बने बसीन पाट के बाउंड्रीवॉल का लोकार्पण किया गया. गोंदईया में रंगोली, अल्पना और जसगीत के साथ स्वागत हुआ. रानीगांव में श्रद्धालुओं ने माता के जगराते के साथ रात बिताई.

समापन पर सुशांत शुक्ला ने कहा कि यह यात्रा मां महामाया के प्रति आस्था और बेलतरा क्षेत्र के लोगों से आत्मीय संबंध की अभिव्यक्ति है. उन्होंने गांवों से मिले सम्मान और आशीर्वाद को अपने जीवन की अविस्मरणीय पूंजी बताया. भावना बोहरा ने आयोजन के लिए विधायक और बेलतरा की जनता को बधाई दी.