बेमेतरा मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित माता सिद्धि मंदिर में अष्टमी और नवमी के अवसर पर हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे. मंदिर में सुबह 4 बजे से भक्तों के आने का सिलसिला शुरू होकर देर रात 12 बजे तक जारी रहता है. श्रद्धालु माता के दरबार में परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.

इस वर्ष मंदिर में कुल 9,740 मनोकामना ज्योतियां प्रज्वलित की गई हैं. इनमें 121 आजीवन ज्योतियां और 95 घी की ज्योतियां शामिल हैं. रंग-बिरंगी रोशनी से सजे परिसर में लगातार भक्ति गीत बज रहे हैं. मंदिर के बाहर सैकड़ों दुकानें लगी हैं, जिससे आसपास के क्षेत्र में मेले जैसा माहौल बना हुआ है.

1965 से जुड़ी है मंदिर की मान्यता

मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, माता सिद्धि की प्रतिमा वर्ष 1965 में जीवन साहू नामक किसान को खेत में मिली थी. बताया जाता है कि हल चलाते समय हल की नोक जमीन में मौजूद प्रतिमा से टकराई. इसके बाद किसान ने खेत में ही माता की पूजा शुरू की. स्थानीय मान्यता के मुताबिक, माता ने उन्हें स्वप्न में दर्शन दिए थे.

समय के साथ इस स्थान की धार्मिक पहचान आसपास के गांवों तक फैलती गई. मंदिर से जुड़ी स्थानीय मान्यता में संतान प्राप्ति की कामना का भी उल्लेख मिलता है. इसी विश्वास के कारण कई दंपती नवरात्र के दौरान यहां मन्नत मांगने और ज्योति प्रज्वलित कराने पहुंचते हैं. यह आस्था और स्थानीय धार्मिक परंपरा पर आधारित मान्यता है.

सात ज्योतियों से बढ़कर संख्या 9,740 हुई

मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, वर्ष 1998 के आसपास यहां सात ज्योतियों से शुरुआत हुई थी. श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ मनोकामना ज्योतियों की संख्या भी बढ़ती गई. मंदिर परिसर में अब करीब 111 फीट ऊंचा भव्य मंदिर बना है, जो हजारों ज्योतियों के साथ भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.

मंदिर समिति के रजीत सिंह राजपूत के अनुसार, इस वर्ष अष्टमी और नवमी तिथि एक साथ पड़ने से श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रही. दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग दर्शन के लिए पहुंचे. मंदिर सेवा से जुड़े नारायण साहू ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों तक करीब 124 पंडा और 30 से 40 कार्यकर्ता व्यवस्था संभाल रहे हैं. भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से भी व्यवस्था की जा रही है.