बिहार के भोजपुर जिले में दुर्गा पूजा मेले के दौरान 18 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई. वारदात पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार में 16 अक्टूबर की शाम हुई. मृतक की पहचान आजिमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी शांतनु कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, शांतनु अपनी मौसी के गांव पवना आया था और शाम को अपने मौसेरे भाई के साथ मेला घूमने निकला था. इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने के बाद शांतनु गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर पवना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. थाने में तैनात एसआई मंजू पटेल ने बताया कि पुलिस को एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी. वारदात के बाद मेले और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फायरिंग करने वाले कौन थे और शांतनु को निशाना बनाने की वजह क्या थी. उसके मौसेरे भाई ने भी हमलावरों और वारदात के कारण के बारे में जानकारी होने से इनकार किया है. पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.
