गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को अहमदाबाद में आयोजित 89वें कालीबाड़ी दुर्गा पूजा महोत्सव में भाग लिया. यह आयोजन सिंधु भवन रोड पर बंगाल कल्चरल एसोसिएशन की ओर से किया गया था.
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र पटेल ने मां दुर्गा के दर्शन किए और आरती में शामिल हुए. उन्होंने गुजरात के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मौजूद बंगाली समुदाय के लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं और आयोजन के प्रति उनके उत्साह की सराहना की. एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया तथा आरती में उनके साथ भाग लिया.
मुख्यमंत्री ने इस अवसर को अलग-अलग सांस्कृतिक परंपराओं के बीच जुड़ाव का प्रतीक बताया.
