छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए बिलासपुर से अयोध्या छावनी के बीच विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन चलाई जाएगी. ट्रेन नंबर 08853/08854 आगामी 30 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे बिलासपुर से रवाना होगी. यह ट्रेन बनारस होते हुए 2 दिसंबर को अयोध्या छावनी पहुंचेगी और दर्शन के बाद 3 दिसंबर की रात बिलासपुर लौटेगी.

इस यात्रा में श्रद्धालुओं को काशी और अयोध्या धाम, दोनों जगह दर्शन का अवसर मिलेगा. बिलासपुर से चलने के बाद ट्रेन शहडोल, कटनी और सतना में पांच-पांच मिनट रुकेगी. इसके बाद यह प्रयागराज छिवकी से होते हुए वाराणसी और बनारस पहुंचेगी. बनारस स्टेशन पर यात्रियों को दर्शन के लिए समय दिया जाएगा.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन 1 दिसंबर की सुबह 6:45 बजे बनारस पहुंचेगी और 2 दिसंबर को सुबह 9 बजे वहां से अयोध्या के लिए रवाना होगी. प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर के रास्ते यह ट्रेन दोपहर 3:30 बजे अयोध्या छावनी पहुंचेगी.

वापसी में ट्रेन नंबर 08854 अयोध्या छावनी से 2 दिसंबर की रात 10:30 बजे चलेगी. यह सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ होते हुए 3 दिसंबर को वाराणसी जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी और शहडोल से होकर रात 10:50 बजे बिलासपुर पहुंचेगी.

15 कोच वाली इस एलएचबी ट्रेन में 12 एलडब्ल्यूएससीएन, एक फ्लेमलेस एसी और दो एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं. पूरी यात्रा इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित होगी. लंबी दूरी को देखते हुए कटनी, प्रयागराज छिवकी, बनारस, वाराणसी और अयोध्या छावनी में पानी भरने और साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी.