बिलासपुर में इस बार दुर्गा पूजा के पंडालों में धार्मिक प्रसंगों के साथ सामाजिक सरोकार और स्थानीय संस्कृति भी दिखाई दे रही है. कहीं किताब-कॉपी और पेन-पेंसिल से मां दुर्गा का दरबार सजाया गया है, तो कहीं बाढ़ में फंसे लोगों के राहत-बचाव का दृश्य झांकी का हिस्सा बनाया गया है. रविवार रात शहर के अलग-अलग पंडालों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और प्रमुख आयोजन स्थलों पर सोमवार सुबह 4 बजे तक आवाजाही जारी रही.

मसानगंज में स्टेशनरी थीम

मसानगंज नवयुवक दुर्गोत्सव समिति ने किताब, कॉपी, पेन, पेंसिल, शार्पनर, रबर, कैंची और फेवीकोल जैसी सामग्री से पंडाल और प्रतिमा सजाई है. समिति के 58वें दुर्गोत्सव पर इस आयोजन में 18 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एसएसपी रजनेश सिंह की पहल पर इन स्टेशनरी वस्तुओं को संस्थाओं के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के बच्चों तक पहुंचाने की योजना है. सोमवार को 300 कन्याओं के भोज का भी आयोजन रखा गया है.

बाढ़ राहत से बांके बिहारी मंदिर तक

शिव टॉकीज चौक-टिकरापारा में सिंहवाहिनी दुर्गा उत्सव समिति ने पहली बार बाढ़ और राहत-बचाव पर आधारित झांकी तैयार की है. इसमें नाव और हेलीकॉप्टर से लोगों को बचाने का दृश्य दिखाया गया है. मां दुर्गा की प्रतिमा राजनांदगांव के डोंगरगांव से बनवाई गई है, जबकि पंडाल कोलकाता के कारीगरों ने तैयार किया है.

तिलक नगर में पंडाल को वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है. यहां भगवान श्रीकृष्ण की अलग-अलग लीलाओं को झांकियों में दिखाया गया है. पंडाल तैयार करने में कोलकाता के कारीगरों को चार महीने लगे. समिति यहां 27 वर्षों से दुर्गा पूजा करा रही है और इस बार इस्कॉन बिलासपुर की भजन संध्या भी रखी गई है.

स्थानीय परंपराओं और सेवा गतिविधियों पर जोर

साइंस कॉलेज मैदान में ‘त्रिनेत्र’ थीम पर मां भगवती का दरबार सजाया गया है. यहां नवरात्रि के नौ दिनों तक श्रीमद् देवी भागवत कथा होगी और ‘सेवा की थाली’ मुहिम के तहत रोज भोजन की व्यवस्था की जा रही है.

पुराना सरकंडा के दैहानपारा में ‘महतारी के आंगन’ थीम के जरिए छत्तीसगढ़ी गांव की झलक दिखाई गई है. करीब 14 से 15 लाख रुपये की लागत वाले इस पंडाल में लगभग 60 फीट लंबी गली में झांकियां सजाई जाएंगी. मिलन मंदिर की पूजा में 1956 से चली आ रही परंपरा के तहत उसी लकड़ी पर प्रतिमा बनाई जाती है, जिसे ‘कोठमा’ कहा जाता है.