बिलासपुर में करवा चौथ पर गुरुवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ करीब 14 घंटे निर्जला व्रत रखा. शहर और जिले में दिनभर रिमझिम बारिश तथा बादल छाए रहने के कारण कई जगह चांद नजर नहीं आया. चंद्रोदय के तय समय के बाद भी महिलाएं काफी देर तक चांद का इंतजार करती रहीं.
चांद नहीं दिखने पर कई परिवारों ने दूसरे स्थानों पर रह रहे रिश्तेदारों को वीडियो कॉल किया. महिलाओं ने मोबाइल स्क्रीन पर चंद्रमा के दर्शन किए और फिर पति का चेहरा देखकर पूजा पूरी की. जिन महिलाओं के पति घर से दूर थे, उन्होंने भी वीडियो कॉल के जरिए उनका चेहरा देखा. कुछ महिलाओं ने पुरोहितों की सलाह पर चावल से चंद्रमा की आकृति बनाकर पूजा की, जबकि कई महिलाओं ने भगवान शिव के मस्तक पर विराजित चंद्रमा के दर्शन कर व्रत खोला.
परंपरा के अनुसार महिलाओं ने चलनी से पहले चंद्रमा और फिर पति का चेहरा देखा. इसके बाद पति के हाथों पानी पीकर व्रत का पारण किया. चंद्रोदय के इंतजार के दौरान कई जगह भजन-कीर्तन भी हुए. पूजा के बाद महिलाओं ने घर के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और कुछ परिवारों में सुहागिनों को करवे भेंट किए गए.
कॉलोनियों और मंदिरों में सामूहिक पूजा
शहर की कॉलोनियों और मंदिरों में सामूहिक पूजन के आयोजन हुए. महिलाओं ने गौरा-गौरी, शिव-पार्वती, स्वामी कार्तिकेय, चंद्रमा और चौथ माता की पूजा की. कई महिलाओं ने सुबह स्नान के बाद पूजा कर निर्जला व्रत शुरू किया और शाम को सज-धजकर पूजा की थाल सजाई. अविवाहित युवतियों ने भी अच्छे वर की कामना के साथ उपवास रखा.
पंजाबी समाज की महिलाओं ने सामूहिक रूप से वीरावती की कथा सुनी. रजनी ऋषि के निवास पर पिछले 25 वर्षों से सामूहिक करवा चौथ पूजन की परंपरा निभाई जा रही है. कथा में व्रत के दौरान सच्ची निष्ठा और श्रद्धा के महत्व का वर्णन किया गया.
महिला समिति का आयोजन
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की बिलासपुर शाखा ने जीन वाटिका में करवा चौथ और दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया. इसमें 40 से अधिक सदस्याओं ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में खेल, हाउजी और रील बनाओ प्रतियोगिता हुई. सरोज सिंघल को ‘करवा चौथ क्वीन’ चुना गया. कार्यक्रम में प्रांतीय सचिव सीमा गुप्ता और शाखा अध्यक्ष मधु बगरिया भी मौजूद रहीं.
