छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छठ महापर्व, सिंदूर और महिलाओं को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सामाजिक संगठनों और छठ पूजा समिति के सदस्यों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी गुरुवार रात सिविल लाइन थाने और पुलिस कार्यालय पहुंचे तथा FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की.

छठ पूजा समिति बिलासपुर की ओर से सिविल लाइन थाना प्रभारी और शहर के एडिशनल एसपी को आवेदन सौंपा गया. प्रदर्शन में पाटलीपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज, सहजानंद समाज और शहर के अन्य लोग शामिल हुए. संगठनों ने आरोप लगाया कि टिप्पणी से धार्मिक आस्था, क्षेत्रीय पहचान और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है.

समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, संस्कृति और महिलाओं के सम्मान का प्रतीक है. उनके मुताबिक, कॉमेडी के नाम पर किसी धर्म, पर्व या महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता. समिति के सदस्य रौशन सिंह ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

21 नवंबर को वीडियो अपलोड होने का दावा

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विवाद यश माहेश्वरी के ‘Almost Yash’ यूट्यूब चैनल पर 21 नवंबर को अपलोड किए गए स्टैंडअप शो के वीडियो से शुरू हुआ. वीडियो में बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा छठ पूजा के दौरान नाक से माथे तक सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित टिप्पणी की गई थी.

विरोध के बाद कॉमेडियन ने सार्वजनिक माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की. इसके बावजूद विवाद जारी रहा. जानकारी के मुताबिक, 24 नवंबर को पटना साइबर थाने और 26 नवंबर को दिल्ली के साकेत थाने में भी उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई. बिलासपुर में संगठनों ने अब स्थानीय पुलिस से भी कार्रवाई की मांग की है.

प्रदर्शनकारियों ने बिलासपुर के छठ घाट और पर्व के स्थानीय महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले की जांच कानून के अनुसार की जानी चाहिए.