बोकारो जिले के कसमार प्रखंड स्थित दुर्गापुर की दुर्गा पहाड़ी पर ग्रामीणों ने सीढ़ी निर्माण की पहल शुरू की है. इसका उद्देश्य पहाड़ी तक श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम बनाना है. ग्रामीण इस स्थल को धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं.

सीढ़ी निर्माण का निर्णय जोहार बाबा बड़राव-बड़ पहाड़ सेवा-सुसार समिति की बैठक में लिया गया था. निर्माण शुरू करने से पहले समिति के सदस्यों ने पहाड़ी का निरीक्षण कर उपयुक्त मार्ग का जायजा लिया. चार अक्टूबर को पहान और गांव के बुजुर्गों की मौजूदगी में पारंपरिक पूजा-पाठ के बाद नारियल फोड़कर काम शुरू करने की योजना बनाई गई.

निर्माण कार्य सामूहिक श्रमदान से पूरा किया जा रहा है. ग्रामीणों से शारीरिक श्रम के साथ आर्थिक सहयोग की भी अपील की गई है. समिति के अनुसार, निर्माण से पहाड़ी पर पहुंचने में होने वाली परेशानी कम होगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा. श्रमदान में शामिल लोगों के लिए ग्रामीण अपने घरों से चावल और दाल जुटाकर सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी करेंगे.