बुंदेलखंड में गोवर्धन पूजा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है. दीपावली के अगले दिन क्षेत्र के कई गांवों में मौनिया और दिवारी नृत्य की सदियों पुरानी लोक परंपरा निभाई जाती है. इस दौरान कलाकार भगवान श्रीकृष्ण के ग्वाल-बालों का रूप धारण कर गांव-गांव जाते हैं और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करते हैं.

इस परंपरा की शुरुआत सुबह स्नान और पूजा के बाद होती है. मौनिया बनने वाले कलाकार एक थाली में रखा पानी गाय की तरह झुककर पीते हैं. इसके बाद वे मौन धारण कर अपनी टोली के साथ यात्रा पर निकलते हैं. उनके सिर पर मोरपंख, हाथों में लाठियां और कमर में घुंघरू व कौड़ियों से सजी पोशाक होती है. लाठियों की टकराहट, कदमताल और दिवारी गीत इस आयोजन की खास पहचान हैं.

कृष्ण की गोवर्धन लीला से जुड़ी लोकमान्यताएं

मौनिया नृत्य को भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला से जोड़कर देखा जाता है. एक लोकमान्यता के अनुसार, गोवर्धन पर्वत उठाने के बाद कृष्ण के साथियों और सखियों ने खुशी में नृत्य किया था. दूसरी मान्यता में कहा जाता है कि ग्वाल-बालों ने लाठियों के सहारे श्रीकृष्ण का सहयोग किया था. इसी लोकविश्वास से प्रेरित होकर बुंदेलखंड के कृष्ण भक्तों ने लाठी लेकर मौन व्रत धारण करने और गांव-गांव जाकर दिवारी गाने-नृत्य करने का संकल्प लिया.

अलग-अलग क्षेत्रों में टोलियां पांच, सात या 11 गांवों में भ्रमण और नृत्य करने का संकल्प लेती हैं. संकल्प पूरा होने तक कलाकार मौन रहते हैं, इसी वजह से उन्हें मौनिया कहा जाता है.

झांसी किले और ओरछा तक पहुंचती परंपरा

यह लोककला अब गांवों तक सीमित नहीं रही. झांसी के ऐतिहासिक किले के द्वार पर भी मौनिया टोलियां दिवारी नृत्य प्रस्तुत करती हैं. कुछ दल प्रयागराज, मथुरा और चित्रकूट जैसे धार्मिक स्थलों तक जाते हैं. कई टोलियां यात्रा के समापन पर ओरछा स्थित रामराजा सरकार के दरबार में नृत्य और दिवारी अर्पित करती हैं. इसके बाद मौन व्रत खोलने की परंपरा निभाई जाती है.

लोक परंपरा से जुड़े लोगों का कहना है कि कलाकारों की पारंपरिक वेशभूषा, नृत्य शैली और प्रस्तुति को संरक्षित करने के लिए युवाओं को प्रशिक्षण देना जरूरी है. बुंदेलखंड के युवा इस विरासत को आगे बढ़ाकर क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक पहचान को जीवित रख रहे हैं.