छठ पूजा के बाद घर लौटने और अपने गंतव्य तक जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने चर्लपल्ली-बरौनी पूजा स्पेशल ट्रेन के एक-एक अतिरिक्त फेरे चलाने का फैसला किया है. अतिरिक्त सेवा से बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया के यात्रियों को सुविधा मिलेगी.
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 07561 चर्लपल्ली-बरौनी पूजा स्पेशल 20 नवंबर को चर्लपल्ली से रवाना होगी. वापसी में ट्रेन संख्या 07562 बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल 22 नवंबर को बरौनी से चलेगी. इन दोनों सेवाओं का वाणिज्यिक ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर स्टेशनों पर निर्धारित है.
चर्लपल्ली से बरौनी का समय
चर्लपल्ली-बरौनी ट्रेन चर्लपल्ली से दोपहर 2 बजे रवाना होगी. निर्धारित मार्ग से चलने के बाद ट्रेन दूसरे दिन रात 12:03 बजे गोंदिया, तड़के 2:18 बजे दुर्ग, 3:05 बजे रायपुर और सुबह 5 बजे बिलासपुर पहुंचेगी. ट्रेन तीसरे दिन दोपहर 2:15 बजे बरौनी स्टेशन पहुंचेगी.
बरौनी से वापसी का शेड्यूल
बरौनी-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल बरौनी से सुबह 3 बजे रवाना होगी. वापसी यात्रा में ट्रेन दूसरे दिन रात 1:30 बजे बिलासपुर, 3:15 बजे रायपुर, 4:08 बजे दुर्ग और सुबह 6:28 बजे गोंदिया पहुंचेगी. चर्लपल्ली पहुंचने का निर्धारित समय शाम 7 बजे है.
रेलवे ने बताया कि ट्रेन की कोच संरचना में बदलाव नहीं किया गया है. इसमें दो एसएलआरडी, आठ स्लीपर और 11 सामान्य कोच होंगे. अतिरिक्त फेरे नियमित ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची और आरक्षित टिकटों की कमी के बीच यात्रियों को वैकल्पिक सेवा उपलब्ध कराएंगे.
