छठ महापर्व के तीसरे दिन, रविवार 15 नवंबर को व्रती अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगे. इसके अगले दिन सोमवार 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिन तक चलने वाले इस व्रत का समापन होगा. छठ पूजा में सूर्यदेव के साथ छठी मइया की आराधना की जाती है. व्रत संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए रखा जाता है.
खरना के बाद शुरू हुआ निर्जला व्रत
छठ पूजा का दूसरा दिन खरना कहलाता है. इस वर्ष खरना 14 नवंबर को हुआ. इस दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं. सूर्यास्त के बाद पूजा कर प्रसाद तैयार किया जाता है. परंपरा के अनुसार गाय के दूध और गुड़ से खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक व्यंजन बनाए जाते हैं. पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के सदस्यों में भी प्रसाद बांटा जाता है.
खरना का प्रसाद लेने के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है. इस दौरान व्रती अन्न और पानी का त्याग करते हैं. रविवार शाम को नदियों, तालाबों या अन्य जलाशयों के किनारे व्रती पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे. बांस की टोकरी और सूप में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाए जाते हैं. ठेकुआ को छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है.
सुबह के अर्घ्य के बाद होगा पारण
संध्या अर्घ्य के बाद व्रत पूरी रात जारी रहेगा. 16 नवंबर की सुबह घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. इसके बाद सूर्यदेव और छठी मइया की पूजा कर परिवार के कल्याण की प्रार्थना की जाएगी. सुबह का अर्घ्य पूरा होने पर व्रती प्रसाद ग्रहण कर पारण करेंगे.
धार्मिक मान्यताओं में छठी मइया को संतान की रक्षा और परिवार के कल्याण से जुड़ी देवी माना जाता है. कुछ परंपराओं में उन्हें सूर्यदेव की बहन, प्रकृति की छठी शक्ति, ब्रह्मा की मानसपुत्री या देवी कात्यायनी का रूप भी बताया गया है.
