छत्तीसगढ़ समेत देशभर में छठ महापर्व का उत्साह है. बलौदा बाजार के पिपरहा तालाब और रायपुर के महादेव घाट पर 36 घंटे से निर्जला व्रत कर रहीं महिलाएं परिवार के साथ पहुंचीं. व्रती महिलाएं शाम को अस्ताचल यानी डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना करेंगी.
बलौदा बाजार के पिपरहा तालाब में इस वर्ष नगरपालिका ने नया घाट बनाया है. पूजा स्थल पर माहौल को भक्तिमय और खुशगवार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं.
व्रती महिलाओं के अनुसार छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है. शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत खोला जाता है. श्रद्धालु इस व्रत को परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और संतान की सुख-समृद्धि की कामना से करते हैं.
तपकरा में मुख्यमंत्री होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छठ पर्व पर जशपुर जिले के तपकरा पहुंचे हैं. वे उतियाल नदी स्थित छठ घाट पर सूर्यदेव की उपासना में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखा गया.
