नई दिल्ली: देशभर में छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे. इस दौरान व्रती पानी में खड़े होकर सूर्य देव की पूजा करते हैं. सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद चार दिनों तक चलने वाला छठ महाव्रत पूरा होगा.

दिल्ली में पूजा के लिए करीब 1,400 घाट तैयार किए गए हैं. भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए यमुना घाटों से जुड़े रास्तों के आसपास रविवार दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर सुबह 8 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा. दिल्ली सरकार ने 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर अवकाश घोषित किया है. उत्तर प्रदेश में भी 15 और 16 नवंबर को छुट्टी रहेगी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, छठ पूजा के लिए देश-विदेश से 50 लाख से अधिक लोग अपने घर लौटे हैं.

खरना के बाद शुरू होता है निर्जला व्रत

छठ पूजा के दूसरे दिन खरना के बाद व्रती करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास रखते हैं. खरना के दिन सुबह से शाम तक उपवास के बाद सूर्यास्त के पश्चात पूजा की जाती है. इस अवसर पर गाय के दूध और गुड़ से खीर, रोटी तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए जाते हैं.

पूजा में बांस की टोकरी और सूप में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ समेत अन्य प्रसाद रखे जाते हैं. संध्या अर्घ्य के बाद भी व्रत जारी रहता है और अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इसका समापन होता है.