छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान में 15 नवंबर को तीसरा दिन है. इस दिन व्रती शाम के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं. इसे संध्या अर्घ्य या पहला अर्घ्य कहा जाता है. इस अवसर पर छठी मैया और सूर्यदेव से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की जाती है.

संध्या अर्घ्य के लिए जरूरी सामग्री

पूजा की तैयारी में बांस या पीतल का सूप, बड़ी बांस की टोकरियां और दउरा, पूजा की थाली, गिलास, कटोरी, चम्मच और तांबे का लोटा या घड़ा रखें. इसके अलावा साफ पानी, दूध, दीपक, घी या तेल, ठेकुआ, खाजा और अन्य मिठाइयां भी पूजा सामग्री में शामिल हैं.

प्रसाद के लिए गन्ना, गन्ने के पत्ते, शकरकंद, मूली, केला, अनानास, बड़ा नींबू, पान-सुपारी, अदरक, कच्ची हल्दी, पानी वाला नारियल और अन्य मौसमी फल रखे जा सकते हैं. व्रती के लिए नई साड़ी की भी व्यवस्था की जाती है.

सभी सामग्री को सूप और टोकरी में सजाकर रखें. अर्घ्य से पहले सूप में दीपक जलाएं. इसके बाद पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को जल और दूध अर्पित करें और सूर्यदेव व छठी मैया से परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करें.

अर्घ्य के समय पढ़े जाने वाले मंत्र

“ॐ एहि सूर्यदेव सहस्रांशो तेजोराशे जगत्पते. अनुकम्पय मां भक्त्या गृहाणार्घ्यं दिवाकर.”

इसके साथ “ॐ सूर्याय नमः”, “ॐ आदित्याय नमः” और “ॐ नमो भास्कराय नमः. अर्घ्यं समर्पयामि.” का जाप किया जा सकता है.