छठ पर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ. इसके साथ ही व्रतधारियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ. अंतिम अर्घ्य के लिए श्रद्धालु तड़के करीब 4 बजे से ही विभिन्न घाटों पर पहुंचने लगे थे. कई व्रतधारियों और उनके परिवारों ने गंगा-यमुना के किनारे बने घाटों पर रात बिताई.
दिल्ली में व्रतधारियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवाएं सुबह 4:30 बजे से शुरू की गईं. दिल्ली पुलिस के अनुसार, सूर्योदय के समय यमुना के घाटों पर करीब 1.25 लाख लोग मौजूद थे.
बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी कैदियों ने छठ पूजा की. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 75 महिला और 62 पुरुष कैदियों सहित करीब 140 कैदी इस आयोजन में शामिल हुए. पूजा के लिए जेल परिसर के भीतर ही विशेष घाट बनाया गया था.
अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे पूर्वांचल के लोगों ने छठ पूजा की. ओडिशा के भुवनेश्वर में कुआखाई नदी घाट पर श्रद्धालुओं ने वरिष्ठ IPS अधिकारी संजय कुमार और परिवहन आयुक्त अमिताभ ठाकुर के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य दिया.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर में पत्नी के साथ पूजा-अनुष्ठान किया. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अंतिम अर्घ्य के लिए मुंगेर के घाट पहुंचे.
