छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा किया. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में श्रद्धालु सुबह करीब 4 बजे से ही गंगा-यमुना और अन्य नदियों के किनारे बने घाटों पर पहुंचने लगे. कुछ व्रतियों और उनके परिवारों ने रात घाटों पर ही बिताई.
दिल्ली में छठ व्रतियों और उनके परिवारों की आवाजाही के लिए मेट्रो सेवा सुबह 4:30 बजे से शुरू की गई. दिल्ली पुलिस के अनुसार, सूर्योदय के समय यमुना के घाटों पर करीब सवा लाख लोगों के मौजूद रहने की उम्मीद थी. भीड़ को देखते हुए घाटों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए.
बिहार के सहरसा में ऊषा अर्घ्य से पहले सप्तपोखर घाट को सजाया गया. भागलपुर में कुछ महिलाओं ने अपनी मन्नतों के तहत दंडवत करते हुए घाट तक पहुंचकर पूजा की.
उत्तर प्रदेश में राप्ती नदी के किनारे स्थित गोरखक्ष घाट, राम घाट और आसपास के अन्य घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे. ऊषा अर्घ्य के साथ चार दिनों तक चलने वाले छठ पर्व का समापन हुआ.
