छठ पूजा के प्रसाद के लिए शेफ संजीव कपूर ने गुड़ की खीर की आसान रेसिपी साझा की है. यह पारंपरिक मिठाई गुड़, दूध, चावल और मेवों से तैयार की जाती है और इसे कम सामग्री में बनाया जा सकता है.
रेसिपी के लिए एक कप कटा हुआ गुड़, चार कप दूध, आधा कप 30 मिनट भिगोकर छाना हुआ चावल, दो से तीन बड़े चम्मच घी, काजू-बादाम और किशमिश की जरूरत होगी. सजाने के लिए ब्लांच किए हुए कटे पिस्ते इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
गुड़ की खीर बनाने की विधि
सबसे पहले एक पैन में गुड़ और एक कप पानी डालकर गर्म करें, जब तक गुड़ पूरी तरह घुल न जाए. दूसरे पैन में दूध गर्म करके उसमें चावल डालें और 10 से 12 मिनट तक पकाएं, जब तक चावल गल न जाए.
इसके बाद गुड़ की चाशनी डालकर दो से तीन मिनट पकाएं. अलग पैन में घी गर्म कर काजू और बादाम को सुनहरा होने तक भूनें. किशमिश डालकर करीब एक मिनट भूनें. कुछ मेवे सजाने के लिए अलग रख दें और बाकी खीर में मिलाकर दो से तीन मिनट पकाएं. तैयार खीर को कटोरे में निकालकर बचे हुए मेवों और पिस्ते से सजाकर परोसें.
