छत्तीसगढ़ में छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की. अर्घ्य के साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा हुआ और चार दिवसीय छठ पर्व का समापन हो गया.
प्रदेश में सबसे पहले रायगढ़ में सुबह 6:02 बजे सूर्योदय हुआ. इसके बाद रायगढ़ की केलो नदी समेत शहर के अन्य घाटों पर व्रती और श्रद्धालु सूर्योपासना के लिए पहुंचे.
बिलासपुर के अरपा घाट पर सबसे ज्यादा भीड़ रही. यहां श्रद्धालुओं का पहुंचना रात करीब ढाई बजे से शुरू हो गया था. व्रती महिलाओं ने नदी में उतरकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. करीब एक किलोमीटर लंबे अरपा छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ का ड्रोन वीडियो भी सामने आया है.
अंबिकापुर के शंकर घाट पर बड़ी संख्या में लोगों ने सूर्य को अर्घ्य दिया. रायपुर के महादेव घाट पर रातभर आतिशबाजी और भक्ति गीतों का माहौल रहा. भिलाई के छावनी छठ घाट पर भी व्रतियों ने उगते सूर्य की पूजा की.
छठ पूजा के अंतिम अर्घ्य के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया.
