रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने शासकीय मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की पढ़ाई कर रहे छात्रों की छात्रवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया है. चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से 26 सितंबर को जारी पत्र के अनुसार नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होंगी.

नई व्यवस्था में पीजी मेडिकल के प्रथम वर्ष के छात्रों को अब 67,500 रुपये के बजाय 85,050 रुपये मासिक छात्रवृत्ति मिलेगी. द्वितीय वर्ष की राशि 71,450 रुपये से बढ़ाकर 90,027 रुपये और तृतीय वर्ष की राशि 74,600 रुपये से बढ़ाकर 93,996 रुपये कर दी गई है. मेडिकल पीजी छात्रों के लिए यह वृद्धि करीब 26 प्रतिशत है.

डेंटल छात्रों की छात्रवृत्ति मेडिकल के बराबर

पीजी डेंटल के प्रथम वर्ष के छात्रों की छात्रवृत्ति 53,500 रुपये से बढ़ाकर 85,050 रुपये मासिक की गई है. द्वितीय वर्ष के छात्रों को अब 56,700 रुपये की जगह 90,027 रुपये और तृतीय वर्ष के छात्रों को 59,200 रुपये के बजाय 93,996 रुपये मिलेंगे. इस तरह डेंटल छात्रों की छात्रवृत्ति में वर्ष के अनुसार करीब 58.78 से 58.97 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है.

नई दरों के बाद मेडिकल और डेंटल पीजी छात्रों के समान वर्ष के लिए छात्रवृत्ति राशि बराबर हो गई है. इससे पहले डेंटल छात्रों को मेडिकल पीजी छात्रों की तुलना में कम छात्रवृत्ति मिलती थी.

जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यशवंत सिंह और रायपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ. पीयूष श्रीवास्तव ने बढ़ोतरी का स्वागत किया है. हालांकि, उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की 17 सूत्रीय मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं और उनका आंदोलन जारी रहेगा.