छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश से कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया. खारून नदी का पानी बढ़ने से दुर्ग और रायपुर को जोड़ने वाला महादेव घाट स्थित पुल डूब गया. इसके आसपास की निचली बस्तियों में भी पानी भरने की जानकारी सामने आई है. जलभराव के कारण कुंड में विसर्जन पर रोक लगा दी गई.
दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दुर्ग में 20 सेंटीमीटर, पिपरिया में 19 सेंटीमीटर और रायपुर शहर में 18 सेंटीमीटर बारिश हुई. पखांजूर में 17 सेंटीमीटर, जबकि गंडई और भिलाई में 16 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई. बोराई, बालोद, मंदिर हसौद, घुमका, धरसींवा, सिमगा, अर्जुन्दा और अंतागढ़ में 15-15 सेंटीमीटर बारिश हुई.
रविवार को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है. अगले दो दिनों तक मौसम का यह मिजाज बने रहने के आसार हैं, हालांकि बारिश की तीव्रता और फैलाव में कमी आने की संभावना है.
रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना अवदाब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसके अगले 12 घंटों में उत्तर प्रदेश के ऊपर कमजोर होकर स्पष्ट रूप से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है.
