छोटी दिवाली 2026 को लेकर 7 या 8 नवंबर की तारीख को लेकर असमंजस बना हुआ है. पंचांग विवरण के अनुसार, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 7 नवंबर को सुबह 10:49 बजे शुरू होगी और 8 नवंबर को सुबह 11:29 बजे समाप्त होगी. तिथि दो दिनों में पड़ने के कारण छोटी दिवाली से जुड़े अनुष्ठान अलग-अलग समय पर किए जाएंगे.
छोटी दिवाली को नरक चतुर्दशी, काली चौदस और रूप चौदस के नाम से भी जाना जाता है. उपलब्ध ज्योतिषीय जानकारी के अनुसार, यम दीपक कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी और प्रदोष काल के संयोग में जलाया जाता है. इसलिए 2026 में यम दीपक 7 नवंबर की शाम को जलाने की परंपरा रहेगी. इसका शुभ समय शाम 5:37 बजे से रात 8:10 बजे तक बताया गया है.
अभ्यंग स्नान का समय
अभ्यंग स्नान चतुर्दशी तिथि और सूर्योदय से पहले किया जाता है. इस आधार पर 8 नवंबर की सुबह 5:41 बजे से 6:38 बजे तक अभ्यंग स्नान का मुहूर्त बताया गया है. परंपरा के अनुसार, स्नान से पहले तिल के तेल से शरीर की मालिश की जाती है. स्नान के बाद यमराज के 14 नामों का स्मरण कर उन्हें जल अर्पित करने की मान्यता है.
यम दीपक जलाने की विधि
यमराज के निमित्त चार बत्तियों वाला चौमुखा दीपक तैयार किया जाता है. मिट्टी के दीपक में सरसों या तिल का तेल डालकर चार बत्तियां लगाई जाती हैं. दीपक के नीचे अक्षत रखने के बाद इसे घर के मुख्य द्वार पर दक्षिण दिशा की ओर जलाकर रखने की परंपरा है. इस दौरान परिवार की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और अकाल मृत्यु से रक्षा की प्रार्थना की जाती है.
