कवर्धा. कबीरधाम जिले की चिल्फी घाटी में रविवार को तीन ट्रकों की टक्कर के बाद रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर यातायात बाधित हो गया. हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यात्री बसों, कारों और मालवाहक वाहनों समेत बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंस गए.
यह दुर्घटना चिल्फी थाना क्षेत्र के दुलदुला गांव के पास हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जबलपुर से रायपुर की ओर जा रहा एक ट्रक सड़क पर खड़ा था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो अन्य ट्रकों के बीच क्रॉसिंग के दौरान टक्कर हो गई. दुर्घटना के बाद तीनों ट्रक सड़क पर फंस गए, जिससे दोनों दिशाओं में वाहनों का आवागमन रुक गया.
जाम का असर रायपुर और जबलपुर की ओर जाने वाले यात्री एवं मालवाहक वाहनों पर पड़ा. चिल्फी घाटी में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण कतार काफी दूर तक दिखाई दी.
सूचना मिलने पर चिल्फी पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई. पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने का प्रयास कर रही है, ताकि मार्ग पर आवाजाही दोबारा शुरू हो सके.
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. वाहन चालकों से सावधानी बरतने और मौके पर पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
