दिल्ली में मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट तैयार किया जा रहा है. यह घाट बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक फैलेगा और इसे राजधानी का सबसे लंबा छठ घाट बताया जा रहा है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 12 नवंबर को सिंगलपुर गांव के पास आयोजित कार्यक्रम में इसका उद्घाटन करेंगे.

घाट के दोनों किनारों पर सीढ़ियां बनाई जा रही हैं. श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए पक्की सड़क और रास्तों की व्यवस्था भी की जा रही है. सरकार के अनुसार, इससे आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को पूजा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

दिल्ली में इस साल छठ पूजा के लिए 1,400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पिछले साल 1,326 घाटों पर आयोजन हुआ था. छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी.

बड़े घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त रोशनी, टेंट और नियमित सफाई की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन को घाटों और पहुंच मार्गों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है.