दिल्ली में छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को यमुना घाटों के आसपास कई सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रण लागू रहेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक घाटों की ओर जाने वाले और उनसे सटे मार्गों पर पाबंदियां रहेंगी.
ट्रैफिक पुलिस ने 15 और 16 नवंबर को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अलग-अलग घाटों पर पहुंचने की संभावना जताई है. प्रभावित इलाकों में वजीराबाद के राम घाट, सूर घाट और बजरंगी घाट, ISBT के पास वासुदेव घाट तथा IP एस्टेट क्षेत्र का हाथी घाट शामिल हैं.
इन इलाकों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है
बंध रोड, वजीराबाद रोड, विकास मार्ग, IP एस्टेट क्षेत्र की सड़कें और यमुना घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव और नियंत्रण देखने को मिल सकता है. पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और भीड़भाड़ से बचने की अपील की है. यात्रियों को डायवर्जन संबंधी निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है.
छठ पूजा के लिए उत्तर दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट तैयार किया गया है. इसका उद्घाटन 12 नवंबर 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया था.
