दिल्ली में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात प्रबंध और मार्ग परिवर्तन की जानकारी जारी की है. पुलिस के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग विभिन्न तालाबों और यमुना घाटों पर पूजा-अर्चना तथा धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंच सकते हैं.
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना पहले बनाने, प्रभावित मार्गों से बचने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. वाहन चालकों को डायवर्जन संकेतों का पालन करने और अनधिकृत पार्किंग से बचने की सलाह दी गई है.
आनंद विहार इलाके में भी विशेष व्यवस्था
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आनंद विहार ISBT और आसपास के परिवहन केंद्रों के लिए 5 से 15 नवंबर 2026 तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. यह व्यवस्था धनतेरस, दिवाली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखकर की गई है. यात्रियों से सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने को कहा गया है.
पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य रखने, यातायात नियमों का पालन करने और मौके पर मौजूद कर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है.
