नई दिल्ली: छठ पूजा और त्योहारी सीजन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आनंद विहार ISBT और आसपास के परिवहन केंद्रों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की है. यह व्यवस्था 5 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी.
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, धनतेरस, दिवाली, भाई दूज और छठ पूजा के कारण आनंद विहार ISBT क्षेत्र में वाहनों और यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है. यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपना मार्ग तय करें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.
पुलिस ने वाहन चालकों को अनधिकृत पार्किंग से बचने, डायवर्जन संकेतों और मौके पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है. भीड़ और जाम से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है.
दिल्ली सरकार की अधिसूचना के मुताबिक, छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अवकाश रहेगा. यात्रियों को अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए यात्रा में अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है.
