देवउठनी एकादशी का पर्व 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को मनाया जा रहा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु योग निद्रा से जागते हैं और इसके साथ चातुर्मास का समापन होता है. इसके बाद विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है.
पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी. उदयकाल तिथि के आधार पर व्रत और पर्व 20 नवंबर को ही मान्य है.
भद्रा काल और शुभ मुहूर्त
पंचांग के मुताबिक, 20 नवंबर को भद्रा शाम 7 बजे से शुरू होकर 21 नवंबर सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी. इस अवधि को पृथ्वी लोक की भद्रा बताया गया है. ऐसे में भगवान विष्णु को जगाने और संध्याकालीन पूजा के लिए उससे पहले का समय महत्वपूर्ण रहेगा.
पूजा-पाठ के लिए अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक और विजय मुहूर्त दोपहर 1:53 बजे से 2:35 बजे तक रहेगा. देव जगाने के लिए गोधूलि मुहूर्त शाम 5:26 बजे से 5:52 बजे तक बताया गया है.
विष्णु पूजन की विधि
श्रद्धालु स्नान के बाद पूजा स्थल की सफाई कर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर को नए वस्त्र पहनाकर पूजा कर सकते हैं. विष्णु भगवान को गंगाजल से स्नान कराने, तिलक लगाने और पीले फूल अर्पित करने की परंपरा है. भोग में मौसमी फल, प्रसाद और तुलसी दल शामिल किया जाता है.
दीपक जलाकर शंख-घंटी बजाने, भजन-कीर्तन करने और भगवान विष्णु के जागरण की प्रार्थना के बाद परिवार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की जाती है.
