हिंदू धार्मिक मान्यताओं में चातुर्मास को जप, तप, साधना और व्रत के लिए विशेष अवधि माना गया है. इस दौरान शादी-विवाह समेत कई मांगलिक कार्य नहीं किए जाते. मान्यता है कि चातुर्मास समाप्त होने और देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के बाद शुभ कार्यों की शुरुआत होती है.

देवशयनी एकादशी से जुड़ी मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी को योग निद्रा में चले जाते हैं. इसके बाद लगभग चार महीने की अवधि को चातुर्मास कहा जाता है. इस समय साधु-संत एक ही स्थान पर रहकर भगवान का ध्यान, साधना और धार्मिक प्रवचन करते हैं. इसी वजह से इस अवधि को आध्यात्मिक अभ्यास के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है.

विवाह परंपरा के पीछे व्यावहारिक वजह

चातुर्मास में मांगलिक कार्यों को रोकने के पीछे एक व्यावहारिक कारण भी बताया जाता है. प्राचीन समय में आवागमन के साधन सीमित थे और वर्षा ऋतु में रास्तों पर यात्रा करना कठिन होता था. ऐसे में विवाह जैसे बड़े आयोजनों के लिए लोगों का दूर-दराज से आना-जाना आसान नहीं था. इसलिए वर्षा के इन महीनों में लोग एक ही स्थान पर रहकर धार्मिक गतिविधियों में समय देते थे.

देवउठनी एकादशी से जुड़ी शंखासुर की कथा भी प्रचलित है. कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने शंखासुर नाम के असुर का वध करने के बाद योग निद्रा धारण की थी. कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को उनके जागने के साथ शुभ कार्यों के दोबारा शुरू होने की मान्यता है. इस दिन भगवान विष्णु की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है.