देवास के पुष्पगिरी तीर्थ में बुधवार को ‘हर मास एक उपवास’ अभियान के तहत 11वां सामूहिक उपवास महाअभियान आयोजित किया गया. कार्यक्रम में महीने में एक दिन उपवास करने को स्वास्थ्य, दिनचर्या में अनुशासन और अन्न बचाने से जोड़ने का संदेश दिया गया.
संत और भागवताचार्य रमेश भाई ओझा ने कहा कि उपवास केवल भोजन छोड़ने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि शरीर और दिनचर्या को संयमित करने का माध्यम भी हो सकता है. उन्होंने कहा कि अनियमित खान-पान और सोने-जागने की आदतों के बीच महीने में एक दिन उपवास जीवनशैली में अनुशासन लाने का सरल तरीका बन सकता है.
टीवी एंकर मीनाक्षी जोशी ने अभियान के सामाजिक पक्ष पर बात रखी. उन्होंने कहा कि यदि देश की 140 करोड़ आबादी महीने में एक दिन उपवास का संकल्प ले, तो बड़ी मात्रा में अन्न बचाया जा सकता है. उनके अनुसार, इस बचे हुए अन्न का इस्तेमाल जरूरतमंदों का पेट भरने के लिए किया जा सकता है. उन्होंने भोजन के महत्व को केवल मात्रा से नहीं, बल्कि कब, कितना और किस तरह खाया जाए, इसके संतुलन से भी जोड़ा.
अभियान को विश्वव्यापी विस्तार देने की तैयारी
आयोजकों के मुताबिक, ‘हर मास एक उपवास’ अभियान से 11 महीने में कई देशों के 15 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं. आयोजकों ने इसे विश्वव्यापी जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में काम करने की बात कही.
अभियान के सूत्रधार अंतर्मना आचार्य प्रसन्न सागरजी महाराज ने परिवार की निरोगता और देश की खुशहाली के लिए हर महीने उपवास का संकल्प लेने का आह्वान किया. उन्होंने माता-पिता से बच्चों की शिक्षा के साथ संस्कारों पर भी ध्यान देने की अपील की. गणाचार्य पुष्पदंत सागरजी महाराज ने संयमित जीवन और इंद्रियों पर नियंत्रण के लिए उपवास को उपयोगी बताया.
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई. आयोजन में मीनाक्षी जोशी और रमेश भाई ओझा का सम्मान भी किया गया.
