धमतरी के आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर में नवरात्रि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक, इस बार घी और तेल की 7 हजार से अधिक ज्योत जलने की उम्मीद है. ज्योत-जंवारा स्थापना का आयोजन 11 अक्टूबर को शाम 5 बजे पूजा के साथ शुरू होगा और नवरात्रि के नौ दिनों तक चलेगा.
मंदिर में देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु मन्नत की ज्योत जलाने पहुंचते हैं. इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन कराया जा सकता है. ट्रस्ट अध्यक्ष जीवराखन मरई के अनुसार, अब तक करीब 40 प्रतिशत पंजीयन ऑनलाइन हो चुके हैं. श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए ज्योति कक्ष भी तैयार किए गए हैं.
आदिवासी परंपरा के अनुसार होगी स्थापना
जंवारा स्थापना आदिवासी समाज की परंपराओं के अनुसार की जाएगी. आयोजन में बैगा, सिरहा और गायता की पारंपरिक भूमिका रहेगी. ट्रस्ट का कहना है कि इसके जरिए श्रद्धालुओं को आदिवासी संस्कृति और धार्मिक रीति-रिवाजों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा.
मंदिर की विशेष परंपरा 52 गांवों के देवी-देवताओं के नाम से सबसे पहले अखंड ज्योत जलाने की है. ट्रस्ट के अनुसार, यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और आयोजन में इसका विशेष महत्व है.
ठहरने और सहायता की व्यवस्था
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में डॉरमेट्री हॉल तैयार किया गया है, जिसमें 40 से 45 लोग ठहर सकते हैं. इसके अलावा चार अलग कमरे भी उपलब्ध रहेंगे. नवरात्रि के दौरान करीब 150 युवक-युवतियां सेवादार के रूप में व्यवस्था संभालेंगे.
बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की मदद के लिए मुख्य द्वार पर दो ट्राइसाइकिल रखी जाएंगी. वालंटियर उन्हें प्रवेश द्वार से दर्शन कराने और वापस पहुंचाने में सहायता करेंगे. परिसर में बिजली, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था भी की गई है. नवरात्रि के बाद पंजीयन कराने वाले भक्तों के घर माता की तस्वीर और प्रसादी भेजने की व्यवस्था ट्रस्ट ने की है.
