धमतरी में नवरात्रि के अवसर पर नवरंग गरबा 6.0 का आयोजन किया जाएगा. शहर के सिहावा रोड स्थित शांति वाटिका में कार्यक्रम की शुरुआत 11 अक्टूबर को रात 8 बजे से होगी. आयोजन लगातार आठ दिनों तक चलेगा और हर दिन गरबा के लिए अलग थीम रखी जाएगी.

आयोजकों के मुताबिक, इस बार आयोजन स्थल में प्रवेश से पहले प्रतिभागियों पर गंगाजल का छिड़काव किया जाएगा और तिलक लगाया जाएगा. इसके बाद ही उन्हें गरबा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी. कार्यक्रम में लाइव गरबा भजनों की व्यवस्था भी रहेगी, जिनकी धुन पर प्रतिभागी गरबा करेंगे.

आठ दिनों की अलग-अलग थीम

पहले दिन देशभक्ति थीम पर कार्यक्रम होगा. दूसरे दिन आयोजन भगवान श्रीराम को समर्पित रहेगा. तीसरे दिन ‘हमर माटी के महक’ थीम के जरिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति प्रस्तुत की जाएगी. चौथे दिन ‘बैक टू द 80s’ थीम रखी गई है. पांचवें दिन प्रतिभागी गुजराती परिधान में गरबा करेंगे. छठवें दिन ब्रज की होली की झलक दिखाई जाएगी. सातवें दिन महादेव पर आधारित गरबा होगा, जबकि आठवें दिन गुजराती परिधान की थीम के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा.

स्थानीय युवाओं को मिलेगा मंच

इस बार धमतरी के स्थानीय युवाओं को आयोजन में विशेष अवसर दिया जाएगा. प्रतिभागी अपनी वेशभूषा और गरबा प्रस्तुति के जरिए प्रतिभा दिखाएंगे. उन्हें करीब आधे घंटे के भीतर अपनी प्रस्तुति पूरी करनी होगी. आयोजकों का कहना है कि इस बार युवा ही कार्यक्रम के ‘सेलिब्रिटी’ होंगे.

आयोजकों ने बताया कि नवरंग गरबा की शुरुआत 2021 में लोगों को एक साथ जोड़ने और मां दुर्गा की आराधना के जरिए सकारात्मक माहौल बनाने के उद्देश्य से की गई थी. इस वर्ष इसका छठवां आयोजन होगा और तैयारियां अंतिम चरण में हैं.