धमतरी के रुद्रेश्वर महादेव घाट पर रविवार को छठ महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने नदी में खड़े होकर विधि-विधान से सूर्य देव की पूजा की और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया.

व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की. सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. पूजा के लिए घाट को फूलों और रोशनी से सजाया गया था. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सफाई की विशेष व्यवस्था की गई थी.

नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा भी रुद्रेश्वर घाट पहुंचे और व्रतियों से मुलाकात कर उन्हें छठ पर्व की बधाई दी. पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण किया गया. देर शाम तक घाट पर छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देती रही.

छठ पर्व सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का पर्व है. इसमें व्रती निर्जला व्रत रखकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं. रुद्रेश्वर घाट पहुंचीं शशि कला सिंह, मीना यादव, पूजा यादव और अनामिका चौधरी ने इसे कठिन व्रत बताते हुए कहा कि छठ सूर्य और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है.