धमतरी जिले के रुद्री स्थित महानदी के रुद्रेश्वर महादेव घाट पर छठ पूजा का आयोजन किया गया. छठ व्रतियों ने विधि-विधान और श्रद्धा के साथ सूर्यदेव की आराधना की. इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने कई घंटे तक महानदी के जल में खड़े रहकर पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया.
घाट पर छठ गीतों और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच धार्मिक माहौल बना रहा. व्रतियों ने सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की.
शुद्धता और प्रकृति के प्रति आस्था
रुद्रेश्वर महादेव घाट पहुंचीं शशि कला सिंह, मीना यादव, पूजा यादव और अनामिका चौधरी सहित अन्य व्रती महिलाओं ने छठ की परंपराओं और महत्व के बारे में बताया. उनके अनुसार, यह कठिन व्रत है, जिसमें शुद्धता, संयम और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाता है. नहाय-खाय से शुरू होने वाली इस परंपरा में प्राकृतिक चीजों का उपयोग किया जाता है.
व्रतियों ने कहा कि छठ केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि सूर्य और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा भी है. महिलाओं ने पारंपरिक छठ गीत गाकर पर्व से जुड़ी आस्था और भावनाओं को व्यक्त किया.
घाट पर सफाई और सुविधाओं की व्यवस्था
धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने कहा कि छठ व्रत कठिन होता है और इसे रखने वाली महिलाओं की आस्था विशेष होती है. उन्होंने बताया कि पर्व को देखते हुए रुद्रेश्वर घाट की सफाई पहले ही कराई गई थी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए थे.
